एक दर्जन मुकदमो वाला शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार साथी फरार

जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नेवढ़िया और थाना जलालपुर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी के पर्यवेक्षण में थाना नेवढ़िया पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे और फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर निकल गए।

सूचना मिलते ही थाना नेवढ़िया के थानाध्यक्ष निखिलेश कुमार तिवारी ने चौकी प्रभारी सीतमसराय, कंट्रोल रूम तथा थाना जलालपुर पुलिस को अलर्ट कर घेराबंदी कराई। कुछ ही देर में दोनों तरफ से पुलिस टीमों ने रास्ता घेर लिया। अपने को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा।

पकड़े गए घायल बदमाश ने अपना नाम अरविन्द राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं बताया। फरार बदमाश की पहचान महेश यादव उर्फ छोटू पुत्र समरजीत यादव निवासी महरेवां, थाना जलालपुर के रूप में हुई है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस तथा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना नेवढ़िया के थानाध्यक्ष निखिलेश कुमार तिवारी, थाना जलालपुर के थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नारद पाल, उपनिरीक्षक सुग्रीव प्रसाद गुप्ता, उपनिरीक्षक शिवभंजन प्रसाद तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट