कोचस से सासाराम चलेगी पिंक बस


रोहतास।बिहार के चुनिंदा शहरों की तरह अब सासाराम से कोचस तक भी महिलाओं के लिए चलेगी पिंक बस ? जिला मुख्यालय आने-जाने वाली हजारों महिलाओं को मिलेगा लाभ ! विधायक वशिष्ठ सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर उठाई आवाज, जिला मुख्यालय आने-जाने वाली हजारों महिलाओं को मिलेगा लाभ ! 


रोहतास जिले की महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में करगहर विधानसभा के विधायक वशिष्ठ सिंह ने महत्वपूर्ण पहल की है। विधायक ने बिहार सरकार के परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर बिहार के चुनिंदा शहरों की तरह कोचस से सासाराम तक महिलाओं के लिए विशेष पिंक बस सेवा शुरू कराने की मांग की है।


विधायक वशिष्ठ सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रोहतास जिले के अंतर्गत कोचस से सासाराम की दूरी लगभग 40 किलोमीटर है। 


सासाराम जिला मुख्यालय और अनुमंडल मुख्यालय होने के कारण करगहर विधानसभा क्षेत्र के कोचस एवं करगहर प्रखंड की बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिदिन निजी, शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं सरकारी कार्यों के लिए सासाराम का आवागमन करती हैं।


उन्होंने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं समर्पित परिवहन सुविधा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। ऐसे में कोचस से सासाराम तक विशेष पिंक बस सेवा का संचालन महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


करगहर विधायक ने परिवहन मंत्री से आग्रह किया है कि महिलाओं के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए कोचस-सासाराम मार्ग पर पिंक बस सेवा के परिचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई एवं निर्देश जारी किए जाएं। इस पहल से क्षेत्र की हजारों महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट