भारत विकास परिषद की मगध शाखा ने मनाई स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि, बच्चों की मिट्टी की प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 05, 2026
- 7 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की मगध शाखा की ओर से शनिवार को संत पैट्रिक स्कूल, नवागढ़ी में स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष डॉ. गिरीश प्रसाद ने की। इस अवसर पर प्रांतीय पर्यावरण संयोजक डी.के. शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वहीं इंजीनियर परमेश्वर जी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तृत व्याख्यान दिया। शाखा के पूर्व अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए विवेकानंद के आदर्शों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पर्यावरण गतिविधि संयोजक डी.के. शर्मा ने संस्कार संयोजक मनोज कुमार को दो पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा मिट्टी से बनाई गई स्वामी विवेकानंद की आकर्षक प्रतिमा रही, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर श्रीश रंजन, अर्जुन प्रजापति, कृष्ण प्रसाद विश्वकर्मा, जितेंद्र प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, अविनाश चंद्र सिन्हा, संजय जी, जागेश्वर साव सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संचालन संस्कार संयोजक मनोज कुमार ने किया, जबकि अंत में कोषाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


रिपोर्टर