छाँव पंचायत में सोख्ता निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीण ने गुणवत्ता जांच की उठाई मांग
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 05, 2026
- 16 views
संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)--- प्रखंड की छाँव पंचायत के खरखोली गांव के वार्ड संख्या-04 में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत बनाए जा रहे सोख्ता निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी संतोष बिन्द ने निर्माण कार्य में सरकारी मानकों की अनदेखी और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
संतोष बिन्द ने बताया कि उनके घर के पास बनाए जा रहे सोख्ता के निर्माण के दौरान गड्ढे में केवल करीब 10 फीट पाइप डाला गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो निर्माण कार्य से जुड़े लोगों ने कथित रूप से कहा, अगर ज्यादा पाइप डालना है तो खुद से डाल लीजिए।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हुए करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सोख्ता चालू नहीं किया गया है। इसके कारण घर का गंदा पानी खेतों में बह रहा है। साथ ही, अभी तक जंक्शन चेंबर का निर्माण भी नहीं कराया गया है, जिससे घर का पाइप सोख्ता से जोड़ा जा सके।
ग्रामीण का आरोप है कि निर्माण के बाद सोख्ता पर ढक्कन भी नहीं लगाया गया था। शिकायत करने पर कथित रूप से कहा गया, अपना आदमी लगाकर खुद ढक्कन लगवा लीजिए। इस तरह के व्यवहार से ग्रामीणों में नाराजगी है।
संतोष बिन्द ने निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सोख्ता की ऊपरी सतह पर लगाई गई ईंटें हाथ लगाने मात्र से भरभराकर निकल रही हैं, जिससे निर्माण की मजबूती पर संदेह उत्पन्न हो रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि दुर्गावती प्रखंड में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत कराए जा रहे सोख्ता निर्माण कार्यों की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए तथा सभी निर्माण कार्य सरकारी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं।


रिपोर्टर