रामपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़ी डीसीएम में मारी टक्कर, मकान में घुसी गाड़ी; किशोर की मौत, दो गंभीर घायल
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 11, 2026
- 29 views
रामपुर (जौनपुर)। रामपुर थाना क्षेत्र के मई गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसी।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर की ओर से भदोही जा रहा ट्रेलर (यूपी 50 ईटी 8420) राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़ी टाटा 1109 (डीसीएम) से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम आगे बढ़कर एक मकान में जा घुसी। हादसे में मकान के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो रहे सूरज गुप्ता (17) पुत्र राजेश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई राजकुमार (15) गंभीर रूप से घायल हो गया। पास ही दूसरी चारपाई पर सो रही मंजू देवी पत्नी रामजियावन गुप्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में मकान के समीप स्थित शीतला माता मंदिर का छज्जा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भदोही के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक सूरज गुप्ता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और डीसीएम को भी कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मृत्यु हुई है, जबकि एक महिला सहित दो लोग घायल हुए हैं। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर