मुख्य पार्षद ने कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ डीएम को ज्ञापन सौंपा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 11, 2026
- 30 views
रोहतास।नगर पंचायत रोहतास में ठप पड़े विकास कार्यों को अविलम्ब शुरू कराने हेतु मुख्य पार्षद ने डीएम को ज्ञापन सौंपा।
नगर पंचायत रोहतास की मुख्य पार्षद सुमबुल आरा ने शनिवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र से मुलाकात कर नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले डेढ़ वर्ष से ठप पड़े विकास कार्यों को अविलंब शुरू कराने तथा कार्यपालक पदाधिकारी के उदासीन एवं लापरवाह रवैये के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। अपने दिये ज्ञापन में मुख्य पार्षद ने कहा है कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नगर पंचायत में कोई नया विकास कार्य एवं मेंटेनेंस कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। पेयजल, जलजमाव,साफ-सफाई,स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है,जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय पर जवाब नहीं दिया जा रहा है तथा कार्यालयीय कार्यों में उदासीनता के कारण विकास योजनायें प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में पूर्व में भेजे गये पत्रों का भी अब तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। मुख्य पार्षद ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि नगर पंचायत रोहतास में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र आरंभ कराते हुए कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली की जाँच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलम्ब आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


रिपोर्टर