पांच दिन बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 7,876 लीटर विदेशी शराब बरामद
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 11, 2026
- 20 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
5 जुलाई को लावारिस मिली ट्रक से जुड़ा मामला, निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर की गई कार्रवाई
डिहरी आनसोन रोहतास। जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7,876 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शुक्रवार देर रात करकटपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने पूर्व दिशा में एक निर्माणाधीन मकान का ताला मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तोड़कर भारी मात्रा में शराब जब्त की गई। बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन व्हिस्की के करीब 855 कार्टन के अलावा बोरों में रखी सैकड़ों बोतलें शामिल हैं। सभी बोतलों पर "For Sale in Punjab Only" अंकित था। बरामद शराब की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
यह कार्रवाई 5 जुलाई को बराढी गांव के राइस मिल के समीप लावारिस हालत में बरामद ट्रक से जुड़े मामले में हुई। पुलिस ने उस दिन छत्तीसगढ़ नंबर (CG-04-LT-5516) की एक खाली ट्रक जब्त की थी, जिस पर केवल वॉल पुट्टी की कुछ बोरियां मिली थीं। जांच में ट्रक छत्तीसगढ़ निवासी रेशमा दास के नाम पर पंजीकृत पाया गया। बाद में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इसी ट्रक से भारी मात्रा में शराब उतारी गई थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे करकटपुर गांव के निर्माणाधीन मकान तक पहुंचकर जांच की। पुष्टि होने के बाद वरीय अधिकारियों से मजिस्ट्रेट की मांग की गई। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मकान का ताला तोड़कर अंदर रखी भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने पूरी रात मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और शनिवार को जब्त शराब को थाना लाया गया।
इस पूरे मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि थाना क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप कैसे पहुंची और उसे निर्माणाधीन मकान तक पहुंचा दिया गया, जबकि पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। स्थानीय स्तर पर इसे लेकर चर्चा है कि यदि उस रात नियमित गश्ती प्रभावी होती तो शराब कारोबारी पूरी खेप के साथ पकड़े जा सकते थे।
थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं ने बताया कि शराब जब्ती के बाद मामले की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां खपाया जाना था तथा इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


रिपोर्टर