विधिक सहायता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने किया आयोजन

 ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर----- जिले के डुमरी कटसरी ब्लॉक स्थित लालगढ़ चौक पर एक विशेष जिला विधिक सहायता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर तथा सचिव ललन कुमार रंजक के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस जागरूकता कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के पैनल अधिवक्ता जितेंद्र कुंवर और पैरा लीगल वालंटियर जितेश कुमार ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान पैनल अधिवक्ता जितेंद्र कुंवर ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने नालसा (NALSA) की गाइडलाइंस और जेल विधिक सहायता क्लिनिक के कामकाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कुंवर ने स्पष्ट किया कि धन के अभाव में कोई भी विचाराधीन या सजायाफ्ता कैदी वकील से वंचित नहीं रहेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा कैदियों को मुफ्त कानूनी वकील, बेल और रिमांड के चरणों में सहायता तथा उनके केस की अद्यतन स्थिति की जानकारी निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

पैरा लीगल वालंटियर जितेश कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्राधिकार का मुख्य लक्ष्य जेल में बंद कैदियों के मानवाधिकारों की रक्षा करना और समाज के कमजोर वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी परिवार का कोई सदस्य जेल में बंद है और वह निजी वकील की फीस देने में असमर्थ है, तो वह सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के फ्रंट ऑफिस में आकर मुफ्त कानूनी मदद के लिए आवेदन कर सकता है।

इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उन्होंने इस जागरूकता अभियान की सराहना की और अपने विधिक अधिकारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट