हाटा बाजार में जाम की समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने प्रशासन से किया मांग
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 13, 2026
- 19 views
अनुमंडल संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
कैमूर---- जिले के हाटा बाजार में प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के कारण आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते इनका समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने बताया कि हाटा बाजार क्षेत्र आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों के लिए प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी, व्यवसाय और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यहां आते-जाते हैं। लेकिन बाजार में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण और संकरी सड़क के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कई बार जाम इतना लंबा हो जाता है कि गंभीर मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी उसमें फंस जाते हैं। समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने से मरीजों की जान तक खतरे में पड़ सकती है। यह समस्या केवल यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से भी जुड़ी हुई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में भी हाटा बाजार की जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने पर चर्चा हुई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हाटा बाजार में हुए अतिक्रमण की विधिवत मापी कराकर उसे शीघ्र हटाया जाए, ताकि सड़क की पूरी चौड़ाई उपलब्ध हो सके और यातायात व्यवस्था सामान्य हो।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे हाटा बाजार में रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।


रिपोर्टर