राज्यमंत्री टेटवाल ने विद्यार्थियों को दिया अधिक से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प


राजगढ़ । प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने पचोर के शासकीय गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों के साथ "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। 

इस अवसर पर उन्होंने जल, भूमि एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता एवं पूर्वजों के नाम पर भी कम से कम एक-एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लें। 

उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों से इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी यदि अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनका संरक्षण करे, तो मध्य प्रदेश को हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध प्रदेश बनाने का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा। 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश भी दिया। उन्होंने "नशे से दूरी है जरूरी" का संदेश देते हुए सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। यदि युवा शक्ति नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, खेल और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेगी, तो देश का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा। 

साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जल एवं भूमि संवर्धन तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल सभी नागरिकों से अपील की कि वे "एक पौधा लगाएँ, पर्यावरण बचाएँ, भविष्य सँवारें और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।"

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट