प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने नरसिंहगढ़ में नवनिर्मित 42 करोड़ रूपये की लागत के सांदीपनि विद्यालय का किया लोकार्पण
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jul 24, 2026
- 3 views
सात अनुकंपा कर्मचारियों को मंच से दिए नियुक्ति पत्र, पद उन्नत कर्मचारियों ने जताया प्रभारी मंत्री का आभार
प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने विद्यार्थियों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ
राजगढ़
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री तथा राजगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने नरसिंहगढ़ में लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में नरसिंहगढ़ विधायक श्री मोहन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री श्री काश्यप का विद्यालय पहुंचने पर बैंड एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिले के विभिन्न कस्बों में ऐसे विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में मेरिट एवं प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिया जाता है, जिससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं शासकीय विद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं और आज कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
नरसिंहगढ़ विधायक श्री मोहन शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक विद्यालय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने नरसिंहगढ़ को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए बड़े महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए प्रभारी मंत्री से सहयोग का आग्रह किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह विद्यालय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय सूचना प्रौद्योगिकी के युग में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय में एलकेजी से कक्षा 12वीं तक लगभग 1300 विद्यार्थी अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने शासकीय विद्यालय में अध्ययन कर महत्वपूर्ण पद प्राप्त किया है, उसी प्रकार इस विद्यालय के विद्यार्थी भी भविष्य में कलेक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, चिकित्सक सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। कुरावर सहित अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही नरसिंहगढ़ को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संतुलित एवं दूरदर्शी विकास के लिए शिक्षा, अधोसंरचना, कनेक्टिविटी तथा सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने तथा अपने परिवार, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिनमें कक्षा 5वीं में परी जाटव ने 85 प्रतिशत तथा परिधि अहिरवार ने 76 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वही कक्षा 8वीं में कोमल राजपूत ने 83 प्रतिशत तथा हेमलता कुशवाह ने 80 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसी प्रकार कक्षा 10वीं में सुदर्शन तिवारी ने 92 प्रतिशत तथा काजल लोधा ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कक्षा 12वीं के कॉमर्स संकाय में योगेश वर्मा ने 84 प्रतिशत एवं तन्मय पलासिया ने 82 प्रतिशत अंक हासिल किए। विज्ञान संकाय में अरविन्द मालवीय ने 88 प्रतिशत एवं हरिओम यादव ने 78 प्रतिशत, विज्ञान (बायो) में अंकित मीणा ने 76 प्रतिशत एवं पूर्ति यादव ने 74 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कला संकाय में मंयक कुशवाह ने 88 प्रतिशत एवं रोशन कुशवाह ने 84 प्रतिशत तथा अभिषेक कुशवाह ने 91 प्रतिशत एवं दीपक भिलाला ने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। साथ ही सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) शिक्षक श्री राजेश पालीवाल को भी सम्मानित किया गया तथा म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन नरसिंहगढ़ स्व सहायता समूह को 22 लाख रूपये का चैक प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री तथा राजगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप व जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने सांदीपनि शासकीय उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया व आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित किया। प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने मंच से सहायक ग्रेड 3 के पद पर अनुकंपा से नियुक्त कर्मचारी श्री राजेश दांगी, श्री दिलीप कुमार दांगी, श्री युसुफ सैफी, श्री रामांश भदौरिया, श्री उमेश शर्मा, श्री मोहन वर्मा तथा श्री विकास विजयवर्गीय को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही पद उन्नत कर्मचारियों ने प्रभारी मंत्री श्री काश्यप का आभार व्यक्त किया।
प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने किया सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण, विद्यार्थियों के साथ किया सहभोज
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री तथा राजगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप एवं अन्य अतिथियों ने सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा उनके साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


रिपोर्टर