वज्रपात से बचाव को लेकर बड़ा अभियान, गांव-गांव जागरूकता फैलाएंगे प्रशिक्षित युवा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 30, 2026
- 3 views
रोहतास।जिले में वज्रपात से होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक जन जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) के सहयोग से बुधवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में "वज्रपात से बचाव एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण" विषय पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने की। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाकर लोगों की जान बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला पदाधिकारी ने कहा कि वज्रपात ऐसी प्राकृतिक आपदा है, जिससे हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है, जबकि समय पर सतर्कता और सही जानकारी अपनाकर अधिकांश हादसों को रोका जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त स्वयंसेवकों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा वज्रपात से बचाव के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन तभी सफल होगा, जब प्रशासन के साथ समाज भी सक्रिय भागीदारी निभाए।
उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय ने प्रतिभागियों को वज्रपात के वैज्ञानिक कारणों, संभावित खतरों तथा सुरक्षा उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों के समीप जाने से बचना चाहिए तथा मजबूत भवनों में शरण लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है। साथ ही आपदा के समय अपनाई जाने वाली प्राथमिक सावधानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के परियोजना पदाधिकारी संदीप शर्मा ने प्रशिक्षण मॉड्यूल और ग्राम स्तरीय जागरूकता अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय तक व्यवहारिक और वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाकर वज्रपात से होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना है।
इस प्रशिक्षण में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं भारत स्काउट एंड गाइड के चयनित कैडेटों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया। ये स्वयंसेवक अब अपने अपने गांवों में जाकर लोगों को वज्रपात से बचाव, मौसम संबंधी चेतावनियों की जानकारी, सुरक्षित व्यवहार तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के परियोजना पदाधिकारी, एनसीसी एवं भारत स्काउट एंड गाइड के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन, जोखिम न्यूनीकरण की रणनीतियों और सुरक्षा मानकों पर भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।


रिपोर्टर