नई बालू खनन नीति लागू करने की तैयारी तेज, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश, पाली रेलवे पुल व नो एंट्री पर भी बनी रणनीति
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 30, 2026
- 2 views
रोहतास।जिले में बालू खनन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने अहम पहल शुरू कर दी है। बुधवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में नई खनन नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले के अनिलामित बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बालू घाट संचालकों को नई खनन नियमावली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बालू लदे वाहनों की निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराने पर जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक के दौरान बालू घाट संचालकों ने पाली रेलवे पुल के निर्माण तथा डेहरी, अकोढ़ीगोला और बिक्रमगंज में बड़े वाहनों के आवागमन को लेकर नो-एंट्री में राहत की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने पाली पुल निर्माण के लिए डीडीयू मंडल के रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने तथा नो-एंट्री से जुड़े मामलों पर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। बैठक में जिला खनन कार्यालय के सहायक निदेशक, बालू घाट संचालक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खनन कार्य पूरी तरह नियमों के अनुरूप संचालित होगा और सुरक्षा व पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


रिपोर्टर