तीन दिनों से लापता युवक का सिर कटा शव पोखर के पास से बरामद,क्षेत्र में फैली सनसनी

अखिल भारतीय समाचार टीम 

कैमूर---- जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के अखिनी गांव में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप स्थित पोखरे के किनारे एक युवक का सिर कटा शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद नुआंव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अखिनी गांव निवासी रविंद्र कुमार के रूप में की गई है। ग्रामीणों के मुताबिक रविंद्र कुमार पेशे से दर्जी का कार्य करते थे और पिछले तीन दिनों से अपने घर से लापता थे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। बुधवार की सुबह गांव के पास पोखरे की ओर गए लोगों ने सिर कटा शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे रहे।

सूचना पर पहुंची नुआंव थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल सिर बरामद हुआ है या नहीं, तथा युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे अखिनी गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना के शीघ्र खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट