कुदरा थाना क्षेत्र के अमिऔरा गांव के समीप नहर से अज्ञात शव हुआ बरामद, प्रशासन जुटी जांच में
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 07, 2026
- 218 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमिऔरा गांव के समीप नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नहर में एक व्यक्ति का शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल कुदरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नहर तक कैसे पहुंचा।
कुदरा थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति शव की पहचान कर सकता है या उसके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी रखता है, तो वह तत्काल कुदरा थाना संपर्क नंबर- 90318 26575 पर संपर्क कर सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद ही मृत्यु के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं


रिपोर्टर