वन अधिकारी के नेतृत्व में मनाया गया बिहार पृथ्वी दिवस


रोहतास। जिला वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार के निर्देशानुसार और जिला शिक्षा पदाधिकारी के समन्वय से रविवार को संत जोसेफ स्कूल परिसर में 'बिहार पृथ्वी दिवस' का गरिमामय आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फॉरेस्टर अमलेश कुमार, शरद कुमार, संत जोसेफ स्कूल के निदेशक सह बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार, वनरक्षी रवि रंजन कुमार, दिलनारायण कुमार, स्कूल की प्रधानाचार्य शिवानी कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


राज्य सरकार के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए छात्रों को "11 सूत्री संकल्प" की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस संकल्प पत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक का बहिष्कार और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया।


इस अवसर पर उपस्थित वन प्रमंडल के अधिकारियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी और पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं में पर्यावरण के प्रति इस जागरूकता को देखकर भविष्य के प्रति एक सकारात्मक उम्मीद जगती है।


मौके पर उपस्थित फॉरेस्टर अमलेश कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है और बच्चे इस बदलाव के सबसे बड़े संवाहक हैं। विद्यालय के निदेशक संतोष कुमार और प्रधानाचार्य शिवानी कुमारी ने वन विभाग की इस पहल की सराहना की और बच्चों को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में शपथ ग्रहण की फोटोग्राफी कराई गई, जिसे अग्रिम समीक्षा और रिकॉर्ड के लिए वन प्रमंडल कार्यालय को भेजा गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट