पितृपक्ष मेले की तैयारी तेज, 33 हजार मानव बल से होगी सफाई; वाटर एटीएम और लेजर लाइट से सजेगा मेला क्षेत्र

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी। 25 सितंबर से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले को लेकर गया नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए इस बार सफाई, पेयजल, रोशनी और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नगर निगम सभागार में मेयर वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में निगम बोर्ड की बैठक हुई। इसमें पितृपक्ष मेले की तैयारियों के साथ शहर के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई।


मेयर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र को साफ-सुथरा और सुविधायुक्त रखने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कराई जाएगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से निविदा निकाली गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इस वर्ष मेले में करीब 33 हजार मानव बल लगाए जाने की तैयारी है।


वाटर एटीएम और लेजर लाइट से बढ़ेगी सुविधा


मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। इसके अलावा लेजर लाइट और लाइट एंड साउंड सिस्टम की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ मेला क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप मिलेगा।


पार्षदों ने उठाई सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग


बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी रखीं। पार्षद राहुल कुमार ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं पार्षद ओमप्रकाश सिंह ने कम खर्च में बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। पार्षद मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले वर्ष करीब 39 हजार मानव बल लगाए गए थे, जबकि इस बार करीब 33 हजार मानव बल लगाने की तैयारी है।


नगर आयुक्त डॉ. गगन ने कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पिंडदान और गया की धार्मिक महत्ता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी तीर्थयात्रियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। निगम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक जानकारी के साथ बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


दीवारों पर दिखेगी गया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान


बैठक में शहर की दीवारों को आकर्षक बनाने के लिए उन पर गया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी तस्वीरें उकेरने का निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि इसके लिए नगर निगम अलग से राशि खर्च नहीं करेगा। स्कूलों के बच्चों की प्रतिभा का उपयोग करते हुए दीवारों पर पेंटिंग कराई जाएगी। बेहतर पेंटिंग करने वाले बच्चों के नाम, कक्षा और विद्यालय का नाम भी अंकित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट पेंटिंग करने वाले बच्चों को नगर निगम की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।


बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मनोज कुमार, सारिका वर्मा, पार्षद धर्मेंद्र कुमार, अनुपमा कुमारी, चंदू देवी, अंजलि कुमारी, सोनी देवी, प्रतिनिधि अमर यादव, पार्षद नैयर अहमद, कलाम कुरैशी, रणधीर कुमार गौतम, राजीव कुमार सिन्हा, राजेश यादव, अंजना श्रीवास्तव, प्रतिनिधि शशि किशोर उर्फ शिशू, नीलम कुमारी, प्रतिनिधि पंकज सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट