डीएम एसपी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 18, 2026
- 23 views
रोहतास।जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक,रौशन कुमार द्वारा कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय,नोखा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में आवासित छात्राओं को उपलब्ध करायी जा रही शैक्षणिक,आवासीय,खानपान एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना था। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर छात्राओं के पठन-पाठन, आवासीय व्यवस्था,भोजन की गुणवत्ता,स्वच्छता एवं विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि विद्यालय में आवासित छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके पठन-पाठन की व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण रखा जाय। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि छात्राओं की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। विद्यालय में नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित किया जाय तथा छात्राओं की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाय। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला पदाधिकारी द्वारा किचन की नियमित साफ-सफाई,खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव तथा भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में आवश्यक हाइजीन मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने निर्देशित किया कि आवासित छात्राओं को सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पौष्टिक,गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाय। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं की व्यक्तिगत स्वच्छता,पेयजल, भोजन स्थल एवं परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सर्वोदय मध्य विद्यालय,नोखा का भी निरीक्षण किया गया।


रिपोर्टर