डीएम की अध्यक्षता में संझौली में सहयोग शिविर का आयोजन


रोहतास। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। संझौली प्रखंड अंतर्गत संझौली पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र ने की। इस अवसर पर वरीय पदाधिकारी,संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। अभियान बसेरा-02 के तहत 10 लाभुकों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र भी वितरित किये गये । शिविर में प्राप्त कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर के आयोजन से पूर्व पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर आमजनों से शिक्षा,जन्म प्रमाण-पत्र,नल-जल योजना, राशन कार्ड,श्रम कार्ड,भूमि परिमार्जन तथा भूमि मापी सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त किये गये थे। प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों द्वारा निष्पादन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों एवं ऑनलाइन माध्यम से अब तक कुल 13,278 आवेदन प्राप्त हुए हैं,जिनमें से 12,282 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर भी संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का समयबद्ध,पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज करायें,ताकि उनका शीघ्र संज्ञान लेते हुए नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट