पीएचडी के नए शोधार्थियों को मिली शोध की नई दिशा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 21, 2026
- 1 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में गुरुवार को नव-प्रवेशित पीएचडी छात्रों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्ष डॉ. सुप्रिति सुमन के निर्देशन और देखरेख में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीबीएम कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. जावेद अशरफ ने अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को शोध की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शोध केवल उपाधि प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पीएचडी छात्रों को अनुशासन, ईमानदारी और मौलिक चिंतन के साथ शोध कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. सुप्रिति सुमन ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से नए शोधार्थियों को विभाग की कार्यप्रणाली, शोध के नियमों, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और मार्गदर्शन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि विभाग गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए छात्रों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के अन्य शिक्षकों ने शोध प्रविधि, साहित्यिक चोरी, शोध पत्र लेखन और समय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। नए पीएचडी छात्रों ने विभाग में प्रवेश मिलने पर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हिमालय तिवारी ने किया। इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षक, शोधार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर