चैनपुर थाना गेट के सामने दो किलोमीटर लंबा जाम, घंटों परेशान रहे राहगीर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 29, 2026
- 22 views
संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भभुआं(कैमूर)----- अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर थाना गेट के सामने रक्षाबंधन के मौके पर आज करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। रक्षाबंधन को लेकर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए निकले थे, लेकिन जाम के कारण उनकी परेशानी बढ़ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य सड़क के दोनों किनारे फल, सब्जी, जूस और मिठाई की दुकानें सड़क तक फैली हुई हैं। कई जगहों पर ठेला और दुकानें सड़क की सीमा तक लगा दिए जाने के कारण आवागमन के लिए काफी कम जगह बचती है। यही वजह है कि वाहनों की संख्या बढ़ते ही सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है।
जाम में आम राहगीरों के साथ मरीजों को ले जा रहे वाहन भी फंसे रहे। लोगों का कहना है कि आज रक्षाबंधन के कारण जाम की स्थिति ज्यादा गंभीर रही, लेकिन चैनपुर थाना गेट के सामने यह समस्या रोजाना देखने को मिलती है।
बताया जाता है कि यह मुख्य सड़क चंदौली, मुगलसराय होते हुए वाराणसी तक जाती है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद थाना गेट के सामने सड़क किनारे गंदगी का अंबार और सड़क तक फैली दुकानें व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, गंदगी हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि रोज लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।


रिपोर्टर