दुर्गावती में पशु तस्करी का खुलासा, कंटेनर से 28 पशु बरामद

NH-19 पर वाहन जांच के दौरान पुलिस की कार्रवाई, चालक मौके से फरार

संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)------ स्थानीय थाना पुलिस ने शुक्रवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 28 पशुओं को बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक ट्रक कंटेनर भी जब्त किया है, जबकि उसका चालक पुलिस को देखते ही फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:10 बजे सूचना मिली कि मोहनियां की ओर से एक कंटेनर में पशुओं को लोड कर तस्करी के लिए बनारस की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्मनाशा चांद नहर से पश्चिम खजुरा गांव के पास NH-19 की दक्षिणी लेन पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक कंटेनर संख्या RJ32GC9669 को रोककर जांच की गई। कंटेनर के अंदर से 20 पड़वा और 8 भैंस समेत कुल 28 पशु बरामद किए गए।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही कंटेनर का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पशुओं को सुरक्षित बरामद कर ट्रक कंटेनर को जब्त कर लिया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष गिरीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक विजेन्द्र राम, पुलिस अवर निरीक्षक योगेन्द्र कुमार एवं पीटीसी हेमन्त कुमार चौहान शामिल रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट