सरकार का तोहफा: दुर्गावती थाने को मिली दो पिंक स्कूटी व एक बुलेट बाइक

गश्ती में मिलेगी सुविधा, महिलाओं और छात्राओं में बढ़ेगा सुरक्षा का भरोसा

दुर्गावती(कैमूर)--- महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरकार की ओर से दुर्गावती थाना को दो पिंक स्कूटी और एक बुलेट बाइक उपलब्ध कराई गई है। इन आधुनिक वाहनों के मिलने से महिला पुलिसकर्मियों को गश्ती एवं ड्यूटी के दौरान काफी सुविधा मिलेगी।

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के लिए आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी क्रम में शुक्रवार की दोपहर दुर्गावती थाना प्रभारी गिरीश कुमार के नेतृत्व में दुर्गावती बाजार स्थित टेन प्लस टू बालिका विद्यालय परिसर से पुलिस अधिकारी ईशा कुमारी मेहता ने पिंक स्कूटी से गश्ती की शुरुआत की।

इस दौरान पुलिस अधिकारी ईशा कुमारी मेहता ने बताया कि पिंक स्कूटी मिलने से महिला पुलिसकर्मियों को गश्ती और ड्यूटी के दौरान आसानी से विभिन्न स्थानों पर पहुंचने में सुविधा होगी। खासकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिहाज से ये वाहन काफी उपयोगी साबित होंगे।

उन्होंने विद्यालय परिसर में छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि सभी बच्चियां निडर होकर पढ़ाई करें और बिना किसी भय के घर से स्कूल तथा स्कूल से घर जाएं। यदि रास्ते में या कहीं भी किसी प्रकार की परेशानी महसूस हो तो तत्काल 112 नंबर पर फोन करें। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सुरक्षा के लिए मौके पर पहुंचेगी।

पिंक स्कूटी और बुलेट बाइक मिलने से क्षेत्र में महिला पुलिस की गश्ती व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही महिलाओं एवं छात्राओं के बीच सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ने की उम्मीद है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट