सैनिकों की कलाई पर सजा बहनों का प्यार, रक्षाबंधन पर भावुक हुआ एनसीसी शिविर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 29, 2026
- 2 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की एनसीसी कैडेटों एवं एनएसएस वॉलेंटियरों ने प्रधानाचार्या डॉ. सीमा पटेल के निर्देशानुसार गया कॉलेज परिसर में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में सैनिक भाइयों एवं एनसीसी कैडेटों की कलाइयों पर स्वनिर्मित रंग-बिरंगे रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। कार्यक्रम का आयोजन 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा किया गया था।
रक्षाबंधन कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी एवं एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर डॉ. नगमा शादाब ने सूबेदार अरविंद शर्मा, सूबेदार कुमुद कुमार, सूबेदार श्याम भगत, हवलदार योगेंद्र सिंह एवं सीताराम की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधकर किया। इसके बाद एनएसएस वॉलेंटियरों एवं एनसीसी कैडेटों ने सैनिकों, प्रशिक्षकों और कैडेटों को तिलक लगाकर, अक्षत छिड़ककर रक्षासूत्र बांधे तथा मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एनएसएस वॉलेंटियर शिवानी सिंह, भारती कुमारी, संचिता कुमारी, कशिश कुमारी, श्रुति कुमारी सहित एनसीसी कैडेट प्रीति कुमारी, साक्षी कुमारी, पूजा कुमारी, प्रिया कुमारी, रूबी, रितु, कुमकुम, स्नेहा, नंदनी, रिंकी, शाहीन परवीन, सुहानी कुमारी, रागिनी कुमारी, संध्या, अनुराधा, सलोनी एवं भारती ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रक्षासूत्र बंधवाने के बाद उपस्थित एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षक एवं कैडेट काफी खुश नजर आए। सभी ने छात्राओं को रक्षाबंधन की बधाई दी। कॉलेज की पूर्व एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर डॉ. रश्मि ने देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे सैनिकों के त्याग, वीरता, देशभक्ति और समर्पित सेवाभाव को नमन किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में चरित्र, अनुशासन, भाईचारा, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सैनिकों के कारण ही देश की माताएं और बहनें सुरक्षित हैं और हम सभी उनके ऋणी हैं।
वहीं डॉ. नगमा शादाब ने छात्राओं द्वारा तैयार की गई राखियों को स्नेह और शुभकामनाओं से परिपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सैनिक भाइयों को रक्षासूत्र बांधकर सभी छात्राएं गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आपसी प्रेम का प्रतीक है।
कार्यक्रम का संयोजन सावन महोत्सव के तहत कॉलेज की एनसीसी इकाई, एनएसएस इकाई एवं कला परिषद ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पारंपरिक भाव के साथ सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और देशभक्ति का संदेश भी दिया।


रिपोर्टर