दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का समापन, अनुशासन और देशभक्ति से गूंजा गया कॉलेज

राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें कैडेट : कर्नल पंकज कुमार


गयाजी। 6 बिहार बटालियन एनसीसी, गयाजी की ओर से गया कॉलेज, गयाजी में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को विधिवत समापन हुआ। कॉलेज परिसर में आयोजित समापन समारोह में गया ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर देबकुमार सेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार कीर्ति चक्र के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में कैडेटों ने अनुशासन, प्रशिक्षण, टीम भावना और देशभक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।


ड्रिल से साइबर सुरक्षा तक मिला प्रशिक्षण


दस दिवसीय शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, मैप रीडिंग, टेंट पिचिंग, फायर सेफ्टी, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, सेना भर्ती प्रक्रिया, आपदा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। कैडेटों ने प्रशिक्षण की सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।


देश सेवा के लिए सदैव तैयार रहें कैडेट


कैंप क्लोजिंग एड्रेस के दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार कीर्ति चक्र ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों ने मेहनत, अनुशासन और उत्साह के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया। एनसीसी केवल प्रशिक्षण प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर नागरिक और जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनने का अवसर है।


उन्होंने कहा कि कैडेट शिविर में सीखे अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मनिर्भरता के गुणों को अपने जीवन में अपनाएं। देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर है। ऐसे में कैडेट राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज और देश की सेवा के लिए सदैव तैयार रहें। उन्होंने सभी कैडेटों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


देशभक्ति गीतों से गूंजा कॉलेज परिसर


शिविर के अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरा कॉलेज परिसर देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो गया। कैडेटों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।


दस दिनों में कैंप बना घर जैसा, भावुक हुए कैडेट


शिविर के अनुभव साझा करते हुए कैडेटों ने कहा कि पहले दिन घर से दूर होने के कारण कुछ अजीब सा महसूस हुआ, लेकिन धीरे-धीरे सभी प्रशिक्षकों और अधिकारियों के सहयोग से कैंप का माहौल घर जैसा लगने लगा। कैडेटों ने कहा कि कर्नल पंकज कुमार सहित सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और स्टाफ का पूरा सहयोग मिला। दस दिन कब बीत गए, इसका पता ही नहीं चला। उन्होंने शिविर को यादगार बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट सम्मानित


समापन समारोह के दौरान प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी कैडेटों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े कर्मियों को सफल शिविर के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट