डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद की लापरवाही से सब्जी मंडी जलमग्न, लोगों का चलना दुश्वार


संवाददाता पारस नाथ दुबे


 डेहरी रोहतास।डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद द्वारा समय पर नाला-नालियों की सफाई नहीं कराए जाने से पूरा डालमियानगर बाजार जलजमाव की चपेट में है।लगातार हो रही वर्षा के बाद डालमियानगर के हृदय स्थल एकता चौक स्थित सब्जी मंडी में एक से दो फीट तक बरसाती पानी भर गया है। सड़क से नीचे होने के कारण मंडी तालाब में तब्दील हो गई है।


जलजमाव के कारण सब्जी खरीदने आने वाले ग्राहकों और बाजार जाने वाले राहगीरों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। कई दुकानदार सुबह से दुकान बंद कर पानी उतरने का इंतजार करने को मजबूर हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य नाले की उड़ाही नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। नालियों में कूड़ा-कचरा भरा पड़ा है। हल्की बारिश में ही सड़क पर नाले का गंदा पानी आ जाता है।


पानी जमा होने के बाद सब्जी के सड़े-गले अवशेषों से उठ रही दुर्गंध से बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। हनुमान मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी हो रही है।


वार्ड के लोगों ने बताया कि नगर परिषद बोर्ड की बैठक में हर साल बरसात से पहले नालियों की सफाई का दावा किया जाता है, लेकिन धरातल पर काम नहीं होता।


यह नगर परिषद की सबसे बड़ी लापरवाही को उजागर करता है इस संबंध में मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य विनय बाबा उर्फ विनय मिश्रा. ने कार्यपालक पदाधिकारी से अविलंब नालों की सफाई कराकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट