पैसे के विवाद में महिला की पीट-पीट कर हत्या, दो पुत्र घायल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 09, 2026
- 1 views
रोहतास ।जिले में पैसे को लेकर उपजे कथित विवाद में बुधवार को एक महिला की पीट-पीटकर हत्या का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। घटना डेहरी नगर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा लालगंज मोहल्ले की बताई जाती है, जहां मृत महिला की पहचान लालगंज चुना भट्टा निवासी स्वर्गीय मैनेजर दास चंद्रवंशी की 52 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है। इस घटना में मृतका के दो पुत्र मुकेश कुमार, 19 वर्ष एवं मिथिलेश कुमार, 22 वर्ष भी घायल हैं।पीड़ित परिवार के अनुसार महिला की हत्या से पहले आरोपियों ने उसके पुत्र मुकेश कुमार की भी जमकर पिटाई की थी। घायल पुत्र ने बताया कि मंगलवार की रात वह बाजार से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गांव के भानु यादव, जितेंद्र यादव सहित अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे। चूंकि मुकेश ने जब पैसे देने से इनकार किया, तो उन लोगों ने मारपीट कर उसे नहर में ढ़केल दिया। हालांकि मुकेश तैरकर किसी तरह नहर से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद भानु यादव आठ-दस लोगों के साथ घर आ पहुंचा और लाठी डंडों से सभी पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के अन्य सदस्यों को भी गंभीर चोटें आईं हैं, जबकि महिला की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है और पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।वहीं घटना की सूचना पर पहुंची डेहरी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस के अनुसार दो दोस्तों के बीच हुए झगड़े में एक महिला की संदिग्ध मौत हुई है। पीड़ित परिवार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत की वजह स्पष्ट होगी और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


रिपोर्टर