बस से 194.58 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 10, 2026
- 2 views
कर्मनाशा के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई, छह बोरियों में छिपाकर रखी गई थी शराब
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
कैमूर:-- गुप्त सूचना के आधार पर दुर्गावती पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 194.58 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब 11:10 बजे सूचना मिली थी कि बनारस की ओर से आ रही एक यात्री बस, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP65QT4270 है, एनएच-19 के रास्ते मोहनिया होते हुए टाटा (झारखंड) जाएगी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर वाहन जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कर्मनाशा के पास वाहन चेकिंग के दौरान उक्त बस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में बस में सवार एक व्यक्ति को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से छह बोरियों में रखी शराब बरामद हुई। डिक्की की विधिवत तलाशी लेने पर 14 प्रकार के ब्रांड की कुल 194.58 लीटर अंग्रेजी शराब मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शंभू नाथ गोस्वामी (48 वर्ष), पिता स्व. त्रिवेणी गोस्वामी, निवासी गुरुआ थाना क्षेत्र, जिला गया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के अलावा पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


रिपोर्टर