जौनपुर की बेटियों का मंडल में जलवा, वॉलीबॉल में बनीं चैंपियन
- अच्छेलाल राजभर, संवाददाता जौनपुर
- Sep 23, 2026
- 1 views
जौनपुर की बेटियों का मंडल में जलवा, वॉलीबॉल में बनीं चैंपियनब
नारस और गाजीपुर की टीमों को हराकर अटौली की बालिकाओं ने जीता खिताब, छह खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन*
जौनपुर 22 सितंबर। 70वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालय एवं बेसिक विद्यालय की 14 वर्षीय संयुक्त वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जौनपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। महेंद्र सिंह टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली में आयोजित प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की विभिन्न टीमों ने प्रतिभाग किया।
बेसिक विद्यालय वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली, बदलापुर की बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बनारस और गाजीपुर की टीमों को पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ ही पूरे जौनपुर जिले का नाम मंडल स्तर पर रोशन हुआ।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अटौली की छह बालिकाओं आंचल मौर्य, वर्षा यादव, लक्ष्मी, छोटी देवी, काजल और रोशनी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी प्रयागराज में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की ओर से प्रतिभाग करेंगी।
टीम की सफलता में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक, बदलापुर सुरेश कुमार यादव के मार्गदर्शन और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन में जौनपुर की बालिका टीम लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
बालिकाओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।


रिपोर्टर