गोवर्धन पूजा हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया

 प्रकृति के विद्रोह के रूप में पूजा गया 

रोहतास। जिले में गोवर्धन पूजा हर्षोल्लास पूर्ण माहौल को में गायों के पूजन कै साथ संपन्न हुआ। दीपावली की रात जब लक्ष्मी की पूजा होती है, उसके ठीक अगली सुबह जब कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा की पहली धूप आती है, तब गोवर्धन पूजा होती है। इस साल 2026 में यह 10 नवंबर को है। पंचांग के अनुसार प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर दोपहर 12:31 बजे शुरू होकर 10 नवंबर दोपहर 2 बजे तक था। सूर्योदय के हिसाब से पूजा आज ही मान्य है। इसे ही अन्नकूट भी कहते हैं। अन्न का कूट, यानी भोजन का पहाड़। पर यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, यह भारत के इतिहास का पहला पर्यावरण आंदोलन है।

श्रीमद् भागवत पुराण, विष्णु पुराण और गिरिराज माहात्म्य में कथा एक ही है। ब्रज के लोग हर साल इंद्र-यज्ञ करते थे। इंद्र वर्षा के देवता हैं, स्वर्ग के राजा हैं। उनका मानना था कि वर्षा होगी तभी फसल होगी। बालक कृष्ण ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा, हम इंद्र की पूजा क्यों करें? हमें घास कौन देता है? गोवर्धन पर्वत। हमें जल कौन देता है? गोवर्धन पर्वत। हमें गायों के लिए आश्रय कौन देता है? गोवर्धन पर्वत। तो पूजा पर्वत की होनी चाहिए, दूर बैठे राजा की नहीं। यह एक वैचारिक विद्रोह था। लोगों ने इंद्र-यज्ञ बंद कर गोवर्धन की पूजा शुरू की। क्रोधित इंद्र ने सात दिन तक प्रलय-वर्षा भेजी। तब कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी बाएं हाथ की छोटी उंगली पर उठा लिया और सात दिन तक छत्र की तरह धारण किया। सभी मनुष्य और पशु उसके नीचे आ गए। अंत में इंद्र को झुकना पड़ा। गोवर्धन पर्वत आज भी मथुरा जिले में स्थित है, लगभग 21 किलोमीटर लंबी एक छोटी पहाड़ी श्रृंखला, जिसे वैष्णव परंपरा में स्वयं कृष्ण का रूप माना जाता है।

इस कथा में तीन बड़े दार्शनिक सिद्धांत छिपे हैं।

पहला- वैदिक कर्मकांड से लोक-धर्म की ओर वापसी। इंद्र वैदिक देवता हैं। वैदिक यज्ञ में राजा और पुरोहित का गठजोड़ होता था। कृष्ण ने उस गठजोड़ को तोड़ा और कहा कि तुम्हारे सामने जो पहाड़ है, जो गाय है, वही तुम्हारा देवता है। इसे समाजशास्त्र में De-centering of Power कहते हैं। सत्ता को स्वर्ग से उतारकर जमीन पर लाना।

दूसरा- पारिस्थितिकी दर्शन। गो शब्द का अर्थ केवल गाय नहीं, गो का अर्थ है- इंद्रियां, भूमि, प्रकाश, जल। वर्धन का अर्थ है पोषण। गोवर्धन यानी जो हमारी इंद्रियों और जीवन का पोषण करता है। इसलिए गोवर्धन पूजा में आज भी गाय, बैल, गोबर और मिट्टी की पूजा होती है। यह भारत का पहला Eco-theology है। जर्मन दार्शनिक अलेक्जेंडर वॉन हम्बोल्ट ने बहुत बाद में कहा था- Nature is a living whole। कृष्ण ने यह 5000 साल पहले कह दिया था।

तीसरा- अन्नकूट का अर्थशास्त्र। इस दिन घर-घर में 56 भोग बनते हैं। छप्पन भोग का अर्थ है- विविधता। एक ही खेत में कई तरह के अन्न, कई तरह की सब्जियां। जब आप पूरे गांव का भोजन एक जगह पहाड़ जैसा इकट्ठा करते हैं, तो वह सामूहिकता का प्रतीक बनता है। यह पूंजीवाद के विरुद्ध सहकारिता का उत्सव है। मेरा भोजन नहीं, हमारा भोजन।

हम इंद्र को क्यों पूजते हैं? क्योंकि इंद्र दूर है, डरावना है। वह वर्षा रोक सकता है, बिजली गिरा सकता है। मनोविज्ञान में इसे Fear-Based Worship कहते हैं। और गोवर्धन को पूजा क्यों? क्योंकि वह पास है, देता है, सहता है। इसे Gratitude-Based Worship कहते हैं। कृष्ण ने मनुष्य को डर से निकालकर कृतज्ञता की ओर ले गए। यही गीता का सार भी है। आज जब पूरी दुनिया Climate Change और Global Warming से जूझ रही है, तब गोवर्धन पूजा और भी प्रासंगिक हो जाती है। हम AC में बैठकर पर्यावरण की बात करते हैं, पर एक दिन गोबर से पहाड़ बनाकर, उसकी परिक्रमा करके हम याद करते हैं कि हम मिट्टी से ही आए हैं।

इसीलिए गोवर्धन पूजा केवल एक कथा नहीं है। यह एक चेतावनी है- जिस दिन तुम पहाड़, नदी, गाय और अन्न को भूलकर केवल इंद्र यानी बाजार, सत्ता और दूर के देवताओं को पूजोगे, उस दिन प्रलय की वर्षा फिर आएगी। और उस दिन तुम्हें बचाने के लिए फिर किसी कृष्ण को अपनी उंगली पर पहाड़ उठाना पड़ेगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट