54 वें स्थापना दिवस पर मिनी मैराथन दौड़ एवं प्रभात फेरी का आयोजन


रोहतास।जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सासाराम में मिनी मैराथन दौड़ एवं प्रभात फेरी का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के गौरवशाली इतिहास,सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा के प्रति लोगों में जागरूकता एवं गौरव की भावना को बढ़ावा देना तथा युवाओं में खेल,स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता के प्रति उत्साह जगाना था। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र द्वारा मिनी मैराथन दौड़ एवं प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स,विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने अनुशासन,ऊर्जा और सामूहिक सहभागिता का परिचय देते हुए स्थापना दिवस के आयोजन को यादगार बनाया। मिनी मैराथन एवं प्रभात फेरी के माध्यम से जिले के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने,नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा सामाजिक एकता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने रोहतास जिले के 54वें स्थापना दिवस पर समस्त जिलावासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी। उन्होंने कहा कि रोहतास जिला ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक दृष्टिकोण से अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। जिले की समृद्ध विरासत और गौरवशाली परंपरायें हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं,बल्कि जिले की उपलब्धियों, विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं पर विचार करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने जिलावासियों से जिले के सर्वांगीण विकास,सामाजिक सौहार्द,स्वच्छता,शिक्षा,स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। साथ ही युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करते हुए जिले तथा राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम,प्रिया रानी,जिला परिवहन पदाधिकारी,जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी,विशेष कार्य पदाधिकारी,भूमि उप समाहर्ता सासाराम,कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट