चैनपुर में फायरिंग के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार, देशी कट्टा और खोखा बरामद

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट

कैमूर------ जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में आपसी विवाद के दौरान फायरिंग किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया है। वहीं, घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक खोखा भी मिला है।

बताया जा रहा है कि 23 सितंबर 2026 को सिकंदरपुर गांव निवासी धमेन्द्र माली, पिता जमुना माली, ने चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। आवेदन के आधार पर चैनपुर थाना कांड संख्या 520/26, दिनांक 23 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 126(2), 109, 352, 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

प्राथमिकी में वादी ने आरोप लगाया है कि आपसी विवाद को लेकर गांव के ही अवधेश पासी पिता दिनानाथ पासि ने उसे जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त अवधेश पासी, पिता दिनानाथ पासी, निवासी सिकंदरपुर, थाना चैनपुर, जिला कैमूर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामदगी की पुष्टि की है।

फिलहाल चैनपुर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और घटना में इस्तेमाल हथियार से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।


रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट