जनता का दरबार में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 62 मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार


कैमूर:-- आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कैमूर जिले में विशेष जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के जनता का दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।जिला पदाधिकारी ने प्राप्त सभी आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। आवास योजना से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने पात्र लाभुकों को अविलंब योजना का लाभ देने तथा अपात्र पाए जाने पर आवेदकों को स्पष्ट कारण बताने का निर्देश दिया।


जन-संवाद कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों और आवेदनों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया। ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार जिला मुख्यालय स्तर पर 18 अधिकारियों ने 46 नागरिकों से संवाद स्थापित किया। वहीं जिले के 11 प्रखंडों में 16 अधिकारियों की मौजूदगी में 40 नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं। पंचायत स्तर पर 9 अधिकारियों द्वारा 94 नागरिकों की समस्याओं को दर्ज किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य सरकारी तंत्र को जनता के द्वार तक पहुंचाना, स्थानीय स्तर पर समस्याओं को सुनना तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जन-संवाद कार्यक्रम से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट