नगर पंचायत की उदासीनता, कई बार मामला उठने के बाद भी नहीं बना डंपिंग यार्ड

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार


कैमूर:-- जिला के कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। कई बार मीडिया में खबरें प्रकाशित और प्रसारित होने के बावजूद अब तक कचरा डंपिंग के लिए स्थायी स्थल का प्रबंध नहीं हो सका है। नगर पंचायत द्वारा प्रखंड कार्यालय के ठिक बगल में तथा अन्य स्थानों पर कचरा डंप किए जाने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


कचरे के ढेर से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। क्षेत्र में स्थित दुकानों, होटलों और कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों को भी असुविधा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई और समाचार माध्यमों में भी मामला उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की उदासीनता के कारण कचरा प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।


गंदगी और दुर्गंध से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में अंचलाधिकारी ने बताया कि नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से बात कर आवश्यक व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक स्थायी डंपिंग यार्ड चिन्हित नहीं होने के कारण विभिन्न स्थानों पर कचरा डंप किया जा रहा है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट