दुर्गा पूजा पूजा को लेकर दरिहट थाना में शांति समिति की बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 10, 2026
- 10 views
रोहतास। आगामी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को दरिहट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रवि रंजन प्रियदर्शी ने की।
बैठक में थाना क्षेत्र की सभी दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में पूजा पंडालों की लोकेशन, मूर्ति स्थापना, कलश स्थापना, जलभरी कार्यक्रम, विसर्जन का रूट चार्ट, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश -
थानाध्यक्ष प्रियदर्शी ने सभी पूजा समितियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि -
बिना लाइसेंस के कोई भी पूजा पंडाल नहीं लगेगा। सभी समितियों को हर हाल में जल्द से जल्द लाइसेंस लेना अनिवार्य है।
पर्व के दौरान *DJ पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्येक वालेंटियर के पास *ID कार्ड* होना अनिवार्य है।
हर पंडाल में CCTV कैमरा और अग्निशमन यंत्र लगाना जरूरी है।
पंडाल बिजली के तार के नीचे नहीं होना चाहिए और हवन कुंड पंडाल से दूर सुरक्षित स्थान पर हो।
साथ ही साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, जुलूस के निर्धारित मार्ग का पालन और सरकार व जिला प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने को कहा गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी पूजा स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी और लगातार पुलिस गश्त की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
बैठक के अंत में सभी पूजा समितियों ने पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से मनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।


रिपोर्टर