दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक की मौत
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 12, 2026
- 1 views
गैस कटर से काटकर निकाला गया चालक, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित; एनएच-120ए पर हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
रोहतास। काराकाट थाना क्षेत्र के जमुआ के पास एनएच-120ए पर सोमवार को दो ट्रेलरों की आमने-सामने ऐसी भीषण टक्कर हुई कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचक गए। टक्कर के बाद एक ट्रेलर का चालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बचाने के लिए पुलिस और हाईवे गश्ती दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर की तेज आवाज आसपास के घरों तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी पुनवासी (44), पिता केदार, के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, बिक्रमगंज की ओर से खाली ट्रेलर (यूपी 50 सीटी 3093) आ रहा था, जबकि नासरीगंज की ओर से बालू लदा ट्रेलर (बीआर 28 जीबी 3371) आ रहा था। जमुआ के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलने पर काराकाट पुलिस और हाईवे गश्ती दल मौके पर पहुंचा। काफी प्रयास के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।काराकाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि हादसे में एक चालक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सब-इंस्पेक्टर सरोज
कुमार तथा गश्ती दल के अनिल कुमार और जनमेजय कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


रिपोर्टर