रामपुर CHC में सिविल सर्जन का नंबर पेंट से छिपा, चिकित्सा प्रभारी बोले—पब्लिक ने मिटाया होगा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 13, 2026
- 7 views
रामपुर (कैमूर)। स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के दावों के बीच रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में लगाए गए सूचना बोर्ड पर सिविल सर्जन (CS) का संपर्क नंबर पेंट से ढका हुआ है, जबकि अन्य अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से लिखे हुए हैं।
अस्पताल परिसर में लगाए गए सूचना बोर्ड पर लिखा है कि दलालों से सावधान रहें और किसी भी असुविधा के लिए संबंधित पदाधिकारियों से संपर्क करें। बोर्ड पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, डीपीएम और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के संपर्क नंबर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन सिविल सर्जन के नाम के आगे लिखा फोन नंबर पेंट से छिपा दिया गया है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का आरोप है कि सिविल सर्जन का नंबर पिछले कई महीनों से छिपा हुआ है। इससे अस्पताल में किसी तरह की परेशानी होने पर मरीजों और उनके परिजनों को जिला स्तर के अधिकारी से सीधे संपर्क करने में कठिनाई हो सकती है। इस मामले ने अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली और सूचना बोर्ड के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस संबंध में जब रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार से सिविल सर्जन का नंबर पेंट से छिपाए जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, हमें पता नहीं है, पब्लिक मिटा दी होगी।
चिकित्सा प्रभारी के इस बयान के बाद यह सवाल उठता है कि यदि नंबर किसी ने मिटाया है, तो अस्पताल प्रशासन ने अब तक उसे दोबारा स्पष्ट रूप से क्यों नहीं लिखवाया। हालांकि, नंबर किसने और किन परिस्थितियों में छिपाया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
खरेंदा गांव निवासी लाल बाबू पांडे उर्फ बैरागी बाबा ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को शिकायत दर्ज कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर आसानी से उपलब्ध होने चाहिए।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और सूचना बोर्ड पर सिविल सर्जन का संपर्क नंबर दोबारा स्पष्ट रूप से लिखवाने के साथ जिम्मेदारी तय करने के लिए क्या कदम उठाता है।


रिपोर्टर