भभुआ चाकू कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और दो विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 13, 2026
- 2 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद, शहर में निकाली गई गुंडा परेड
कैमूर:--- जिले के भभुआ में सब्जी मंडी के पास रंजय कुमार उर्फ धन्जी की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। वहीं, आरोपियों की शहर में गुंडा परेड निकाली गई। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को भभुआ की सब्जी मंडी के पास रंजय कुमार उर्फ धन्जी, पिता स्वर्गीय अनिल पासवान, निवासी वार्ड संख्या 25, भभुआ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में 12 अक्टूबर को भभुआ थाना कांड संख्या 1075/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कैमूर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भभुआ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अखिलेश कुमार उर्फ भंटु, निवासी वार्ड संख्या 20, और कृष्णा पटेल, निवासी वार्ड संख्या 21, भभुआ को गिरफ्तार किया। वहीं, दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। इसके बाद आरोपियों की शहर में गुंडा परेड निकाली गई। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


रिपोर्टर