राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने रोहतास के दो आवेदकों की समस्याओं को सुना,समाधान का दिया आश्वासन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 13, 2026
- 3 views
रोहतास।राज्य-स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत आज माननीय मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदकों से संवाद किया गया। इस क्रम में रोहतास जिले के दो आवेदकों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने हेतु पटना बुलाया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके नियमानुसार समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया। सुनवाई के क्रम में रोहतास जिले के आवेदक अनिल कुमार सिंह द्वारा ग्रामीण सड़क निर्माण एवं उससे संबंधित भूमि के उपयोग के संबंध में अपनी समस्या प्रस्तुत की गयी। आवेदक की शिकायत के आलोक में मुख्यमंत्री द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया।
इसी तरह आयुष कुमार द्वारा मैट्रिक उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए प्रोत्साहन राशि योजना के अंतर्गत देय राशि का भुगतान लंबित रहने के संबंध में अपनी समस्या रखी गयी। आवेदक ने भुगतान की स्थिति तथा राशि निर्गत किये जाने में हो रही देरी से संबंधित कठिनाइयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री द्वारा इस समस्या के समाधान का भी आश्वासन दिया गया। राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में रोहतास जिले से संबंधित दोनों मामलों की समीक्षा एवं अनुश्रवण के क्रम में प्रभारी जिलाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त,रोहतास आकांक्षा आनंद, अपर समाहर्ता ललित भूषण रंजन तथा जिला अनुश्रवण कोषांग से हिमांशु शेखर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे। जिला प्रशासन,रोहतास द्वारा दोनों मामलों में मुख्यमंत्री के निर्देशों के आलोक में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में अनुश्रवण किया जायेगा,ताकि आवेदकों की समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जा सके।


रिपोर्टर