सेवा ही संकल्प अभियान' के तहत रंगोली एवं डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 16, 2026
- 2 views
रोहतास।बैजला स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हरि नारायण सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स एजुकेशन के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा 'सेवा ही संकल्प अभियान' के अंतर्गत आज कॉलेज परिसर में एक दिवसीय भव्य रंगोली एवं डांडिया कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संस्थान के माननीय सचिव डॉ. राकेश कुमार सिंह, आदरणीय प्राचार्या डॉ. बंदना कुमारी एवं एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक/पदाधिकारी प्रदीप कुमार मौर्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सचिव डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में न केवल सांस्कृतिक चेतना जागृत होती है, बल्कि उनमें सामाजिक सेवा, एकजुटता और राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मूल्यों का विकास होता है। प्राचार्या डॉ. बंदना कुमारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियां छात्र-अध्यापकों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत डांडिया और गरबा नृत्य रहा। नियमों के अनुसार, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं बेहद खूबसूरत परंपरागत परिधानों में सजे-धजे नजर आए, वहीं दर्शक दीर्घा में मौजूद शेष विद्यार्थी महाविद्यालय द्वारा निर्धारित गरिमापूर्ण यूनिफॉर्म में अनुशासित होकर कार्यक्रम का आनंद लेते दिखे। पारंपरिक गीतों पर छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
रंगोली के माध्यम से दिया सेवा और स्वच्छता का
इससे पूर्व आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-अध्यापकों ने 'सेवा, स्वच्छता और भारतीय संस्कृति' थीम पर एक से बढ़कर एक आकर्षक रंगोलियां बनाईं। अपनी कला के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं, सर्वश्रेष्ठ डांडिया डांसर और सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक पोशाक पहनने वाले विद्यार्थियों को सचिव डॉ. राकेश कुमार सिंह एवं प्राचार्या डॉ. बंदना कुमारी द्वारा स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम समन्वयक प्रदीप कुमार मौर्य द्वारा किया गया। उन्होंने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्थान के प्रबंधन, प्राध्यापकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विशेष रूप से अनुशासित रहकर सहयोग करने वाले सभी एनएसएस स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज कुमार, सतेंद्र प्रसाद खरवार बृजेश कुमार दीपक कुमार,नीता सिंह सहित प्राध्यापक, कर्मचारी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।


रिपोर्टर