विधायक ने बाँस की पटरी से स्कूल जाने को मजबूर बच्चियों की सुनी पुकार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 17, 2026
- 7 views
रोहतास । जिले के दिनारा प्रखंड क्षेत्र के बेलहन गांव स्थित मध्य विद्यालय तक पहुंचने के लिए नन्हीं बच्चियों को जर्जर रास्ते पर बनी बाँस की पटरी का सहारा लेना पड़ रहा था। विद्यालय के सामने छोटी नहर बाहा के कारण आवागमन की समस्या को लेकर बच्चों द्वारा वीडियो के माध्यम से विधायक आलोक कुमार सिंह से सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई गई थी।बच्चियों की इस समस्या की जानकारी मिलने के बाद विधायक आलोक कुमार सिंह स्वयं मध्य विद्यालय बेलहन पहुंचे और विद्यालय तक जाने वाले रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी परेशानी को समझा तथा मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी समस्या की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान रास्ते की स्थिति को देखते हुए विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर बातचीत की और समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी या जोखिम का सामना न करना पड़े, इसके लिए सुरक्षित रास्ते का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।विधायक ने कहा कि क्षेत्र के बच्चे दिनारा का भविष्य हैं। उनकी छोटी-सी परेशानी भी जनप्रतिनिधि के लिए महत्वपूर्ण है। बच्चों की आवाज को केवल सूचना के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा के संदेश के रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि जनप्रतिनिधि होने से पहले वे उनके सेवक हैं और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराना उनकी जिम्मेदारी है। विधायक की पहल से विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों एवं ग्रामीणों में सुरक्षित रास्ता बनने की उम्मीद जगी है।


रिपोर्टर