कुब्बा जंगल में 133 लीटर महुआ शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 23, 2026
- 8 views
अनुमंडल संवाददाता सिंहासन सिंह की रिपोर्ट
शराब बनाने के उपकरण भी जब्त, दो नामजद आरोपी फरार
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर थाना पुलिस ने अवैध देशी महुआ चुलाई शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुब्बा जंगल से 133 लीटर शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि शराब कारोबार से जुड़े दो अन्य लोगों के फरार होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की शाम गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि जगदहवा डैम के समीप वन विभाग के नाका से करीब चार किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम पहाड़ी क्षेत्र स्थित कुब्बा जंगल में झरने के पास अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण एवं पैकिंग की जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान करासन के पेड़ के पास तीन लोग संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस को देखते ही तीनों भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान संतोष राम, रमेश राम और चंद्रभावन राम, तीनों निवासी शिवपुर, थाना चैनपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान चार प्लास्टिक गैलनों से कुल 80 लीटर देशी महुआ चुलाई शराब तथा 106 पारदर्शी पाउच में करीब 53 लीटर शराब बरामद की गई। इस प्रकार कुल 133 लीटर शराब जब्त की गई। मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा एल्युमिनियम का उपकरण भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में शराब बलवंत राम और पिंटू बिंद, दोनों निवासी शिवपुर, के लिए तैयार एवं पैक किए जाने की बात बताई। दोनों के फरार होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई के लिए भेज दिया है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जब्त शराब एवं उपकरण की विधिवत जप्ति सूची तैयार की गई और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। मामले में बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर