ठकुरहट पुलिया के नीचे पानी में मिला पीएनसी कंपनी के मिस्त्री का शव
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 23, 2026
- 19 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
दो दिनों से था लापता, डूबने से मौत की आशंका पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कैमूर ---- जिला के करमचट थाना क्षेत्र के ठकुरहट गांव के समीप भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान बन रही पुलिया के नीचे पानी में शुक्रवार को एक राजमिस्त्री का शव तैरता मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के भठही बुजुर्ग गांव निवासी मदन चौधरी की ये 34 वर्षीय पुत्र राजकिशोर के रूप में हुई है। वह पीएनसी कंपनी के तहत एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में मिस्त्री के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर पिछले करीब दो महीने से पीएनसी कंपनी में काम कर रहा था, साथ ही अन्य मजदूर साथियों के साथ निर्माण स्थल पर रहता था। वह पिछले दो दिनों से लापता था। साथी मजदूरों द्वारा उसकी काफी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया,
वही शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कुछ मजदूर तेज धूप से बचने के लिए पुलिया के नीचे छांव में आराम करने पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर फैलते ही निर्माण स्थल पर अफरातफरी मच गई। मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना अपने साथियों और ठेकेदार को दी।
सूचना मिलने पर करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआं भेज दिया।
मृतक के साथ काम करने वाले मजदूर आजाद अली और मिठु प्रसाद ने बताया कि राजकिशोर दो दिनों से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो साथियों को लगा कि वह बिना बताए अपने गांव चला गया होगा। शुक्रवार को पुलिया के नीचे पानी में उसका शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि पुलिया के नीचे पानी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआं भेज दिया गया है, तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा


रिपोर्टर