DM ने मंडल कारा सासाराम का किया औचक निरीक्षण;
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 24, 2026
- 27 views
जेल में उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुधारात्मक गतिविधियों पर जताया संतोष
रोहतास।जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने शनिवार को मंडल कारा, सासाराम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार परिसर में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सुधारात्मक कार्यक्रमों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, अस्पताल, पाकशाला (रसोईघर), शौचालय, स्मार्ट क्लास और खेल मैदान सहित विभिन्न परिसरों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की तथा अस्पताल वार्ड में बंदियों को दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं भी जानीं।
मौके पर उपस्थित जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय ने कारा प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा प्रबंधों और बंदियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने कारागार प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि मंडल कारा में व्यवस्थाएं अत्यंत सुदृढ़ और संतोषजनक हैं। उन्होंने बंदियों और कारा प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की विशेष प्रशंसा की। डीएम ने उल्लेख किया कि जेल परिसर में खेल मैदान, पूजा स्थल और बच्चों के लिए क्रेच (शिशु देखभाल केंद्र) जैसी सुविधाएं बंदियों के मानसिक सुधार, सकारात्मक सोच और उनके पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जिलाधिकारी ने आशा व्यक्त की कि बंदियों के सुधार और मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया को गति देने के लिए भविष्य में इन सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा। उन्होंने पूरे निरीक्षण को अत्यंत सकारात्मक और संतोषजनक बताया।


रिपोर्टर