श्री यक्षिणी महोत्सव भलुनीधाम 14 नवंबर की तैयारी तेज


रोहतास ।राज्य सरकार द्वारा माँ श्री यक्षिणी भलुनीधाम महोत्सव की घोषणा के बाद प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी 14 नवंबर को प्रस्तावित महोत्सव के सफल आयोजन और भलुनीधाम के सर्वांगीण विकास को लेकर मंगलवार को विधायक आलोक कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की पहल पर भलुनीधाम के विकास के लिए जिला विकास मद से 80 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि से हाईमास्ट लाइट, डिलक्स शौचालय, चेंजिंग रूम और घाट निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास है कि महोत्सव से पहले आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त कर श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। माँ भलुनी भवानी के इस पौराणिक एवं धार्मिक स्थल की महत्ता को देखते हुए महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर कहा गया कि सरकारी महोत्सव की शुरुआत और पुलिस चौकी की स्थापना के बाद भलुनीधाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ेंगे। विकास कार्यों के लिए स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। स्थल की आवश्यकताओं का आकलन कर सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जा रहा है।मौके पर रालोमो के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता कुमार पाटलिपुत्र सिंह सुशील, बीडीओ कुलदीप कुमार विभूति, आरओ प्रशांत कुमार, मुखिया प्रतिनिधि अमित राय, मुखिया भगवान प्रसाद, मंदिर के पुजारी,बच्चा पंडित,आचार्य हरेंद्र पंडित, पप्पू पंडित, सुबोध पंडित, लोजपा नेता चंदन तिवारी, विनोद सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट