सासाराम बीच शहर में रफ्तार ने छीन ली एक और जिंदगी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 26, 2026
- 17 views
रोहतास।सासाराम के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फजलगंज के पास जीटी रोड पर सड़क पार करने के दौरान कार की टक्कर से एक भूसा कारोबारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान बद्दी थाना क्षेत्र के कचनत गांव निवासी जयप्रकाश के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम गणेश प्रसाद बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश रोज की तरह सोमवार सुबह ट्रैक्टर से भूसा बेचने सासाराम आए थे। फजलगंज के पास ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा करने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान झारखंड नंबर की एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। लोग मृतक के आश्रित को नौकरी और मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान नोकझोंक और धक्का-मुक्की की भी सूचना मिली। सड़क जाम के कारण घंटों आवागमन बाधित रहा, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी हुई।
सूचना मिलने पर सासाराम की अंचलाधिकारी खुशबू कुमारी और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया।
फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


रिपोर्टर