रवि महोत्सव में किसानों को दी गई उन्नत खेती की जानकारी

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

दलहन-तेलहन की खेती पर जोर, खाद, सिंचाई और फसल सुरक्षा को लेकर वैज्ञानिकों ने किया जागरूक


कैमूर / 
जिला के कुदरा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को रवि महोत्सव के तहत किसानों की सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार और अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

सभा को संबोधित करते हुए कृषि वैज्ञानिक डॉ. अमित कुमार ने किसानों को दलहन एवं तेलहन फसलों की खेती पर विशेष जोर देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कम लागत में बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफे के लिए किसान अपनी खेती में फसल विविधीकरण को अपनाएं। साथ ही फसलों को विभिन्न रोगों एवं कीटों से बचाने के लिए उचित दवाओं के चयन और छिड़काव की विधि की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को खाद के संतुलित उपयोग, सिंचाई की उचित व्यवस्था, फसल उपचार तथा रोग नियंत्रण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से कृषि विभाग द्वारा दी जा रही योजनाओं एवं तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

रवि महोत्सव में प्रखंड कृषि पदाधिकारी नंद किशोर पासवान, डॉ. मनीष कुमार, निरंजन कुमार सिंह, राहुल कुमार समेत कृषि विभाग के कर्मी उपस्थित रहे। वहीं मुखिया धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट