मेडिएशन 3.0 अभियान की तैयारी तेज, ADR भवन में न्यायालय कर्मियों के साथ बैठक

---------------------

मध्यस्थता के जरिए सुलह योग्य विवादों के समाधान पर जोर, लंबित मामलों के निष्पादन में मिलेगी मदद

-------------------

जिला शिवहर, 28 अक्टूबर 2026। मेडिएशन 3.0 अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को शिवहर स्थित वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) भवन में बैठक आयोजित की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने की। बैठक में सिविल कोर्ट, शिवहर के सभी कार्यालय लिपिक शामिल हुए।


बैठक में मेडिएशन 3.0 अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान मध्यस्थता के माध्यम से सुलह योग्य विवादों की पहचान, संबंधित अभिलेखों के संधारण तथा विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। सभी कार्यालय लिपिकों को निर्धारित कार्यों को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।


बैठक को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने कहा कि मेडिएशन 3.0 अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित कर्मियों का सहयोग, आपसी समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना जरूरी है। उन्होंने मध्यस्थता के माध्यम से अधिकाधिक उपयुक्त मामलों का समाधान कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


उन्होंने कहा कि मध्यस्थता विवादों को आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रभावी माध्यम है। इससे पक्षकारों के समय और संसाधनों की बचत होती है। साथ ही, न्यायालयों में लंबित मामलों के निष्पादन में भी मदद मिलती है।


बैठक में अभियान के सफल संचालन और अधिक से अधिक सुलह योग्य मामलों को मध्यस्थता की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने पर विशेष बल दिया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट