जमुरनी गांव में धूमधाम से मनाया गया दीनानाथ ब्रह्म जी महोत्सव, हरि कीर्तन, परिक्रमा और हवन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 20, 2026
- 4 views
कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी पर हर वर्ष होता है महोत्सव का आयोजन, संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर दूर-दराज से पहुंचती हैं महिलाएं
संवाददाता पिन्टु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर):-- प्रखंड अंतर्गत जमुरनी गांव में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी के अवसर पर दीनानाथ ब्रह्म जी महोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। महोत्सव को लेकर गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। इस धार्मिक आयोजन में जमुरनी गांव के समस्त ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महोत्सव के दौरान हरि कीर्तन, परिक्रमा और हवन का आयोजन एक साथ किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ हरि कीर्तन और परिक्रमा कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं, हवन कार्यक्रम में भी महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।
बताया जाता है कि दीनानाथ ब्रह्म जी का पवित्र स्थान दुर्गावती प्रखंड के जमुरनी गांव के उत्तरी छोर पर कर्मनाशा नदी के तट पर स्थित है। इस स्थान को लेकर क्षेत्र के लोगों में गहरी आस्था और धार्मिक मान्यता जुड़ी हुई है। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मन्नत मांगने वाली माताओं एवं बहनों की मनोकामना दीनानाथ ब्रह्म जी की कृपा से पूरी होती है। विशेष रूप से संतान प्राप्ति की कामना लेकर महिलाएं यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचती हैं। मनोकामना पूरी होने के बाद श्रद्धालु ब्रह्म जी के स्थान पर आकर वस्त्र अर्पित करते हैं और विधि-विधान से पूजा करते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पौराणिक मान्यता है कि दीनानाथ ब्रह्म जी और पारायण ब्रह्म जी दोनों अपनी-अपनी पत्नियों के साथ लगभग पांच एकड़ में फैले एक बगीचे में समाधिस्थ हुए थे। तभी से गांव के लोग उनकी पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। समय के साथ यह परंपरा ग्रामीणों की आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण केंद्र बन गई है।
दीनानाथ ब्रह्म जी महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि गांव की वर्षों पुरानी परंपरा, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इस अवसर पर ग्रामीण एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाते हैं और आने वाली पीढ़ियों तक अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पहुंचाने का संकल्प निभाते हैं।


रिपोर्टर