कालीसिंध के पावन तट पर साकार हुई हरि-हर एकात्मता की दिव्य परंपरा, जयकारों से गूंज उठा सारंगपुर
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 24, 2026
- 2 views
वैकुंठ चतुर्दशी पर हजारों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक हरि-हर मिलन के साक्षी, मां कालीसिंध को अर्पित की चुनरी
भव्य महाआरती और शहनाज अख्तर की भजन संध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब
राजगढ़ । धर्म, आस्था, अध्यात्म और सनातन संस्कृति की अद्भुत छटा सोमवार को सारंगपुर के पावन कालीसिंध नदी तट स्थित श्री कपिलेश्वर महादेव घाट पर देखने को मिली। वैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर आयोजित सारंगपुर वैभव दिवस में हजारों श्रद्धालु भगवान श्रीहरि विष्णु और देवाधिदेव महादेव के दिव्य हरि-हर मिलन के साक्षी बने। हर-हर महादेव और जय श्रीहरि के जयघोष से पूरा कालीसिंध तट गुंजायमान हो उठा। दीपों की रोशनी, पुष्पवर्षा, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां कालीसिंध के विधि-विधान से पूजन, आरती एवं चुनरी अर्पण के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने मां कालीसिंध से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात कालीसिंध के पावन तट पर भगवान शिव एवं भगवान श्रीहरि विष्णु के भव्य सुसज्जित विमानों का आगमन हुआ। महादेव मित्र मंडल एवं कपिलेश्वर तीर्थ विकास एवं भजन मंडल के नेतृत्व में निकले दोनों विमानों का फूलमाली समाज के सदस्यों ने पुष्पवर्षा एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
वैकुंठ चतुर्दशी की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा भगवान शिव और भगवान विष्णु का हरि-हर मिलन रही। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु भगवान शिव को तुलसी दल तथा भगवान शिव भगवान विष्णु को बिल्वपत्र अर्पित करते हैं। यह परंपरा इस शाश्वत सत्य का संदेश देती है कि हरि और हर अलग नहीं, बल्कि एक ही परम तत्व के दो स्वरूप हैं। इस दिव्य परंपरा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सनातन धर्म की उदारता, समन्वय, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश मिला। कालीसिंध तट पर जब दोनों देवों का मिलन हुआ तो श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने कहा कि वैकुंठ चतुर्दशी पर आयोजित हरि-हर मिलन हमारी समृद्ध हिंदू सनातन संस्कृति की अद्भुत और गौरवशाली परंपरा है। भगवान शिव और भगवान श्रीहरि विष्णु का यह मिलन हमें सिखाता है कि ईश्वर एक हैं और उनके विभिन्न स्वरूपों में कोई भेद नहीं है। सनातन धर्म सदैव एकता, समरसता, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश देता आया है।राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि सारंगपुर की पावन भूमि कपिल मुनि जी की तपोभूमि है। महर्षि कपिल का जीवन तपस्या, ज्ञान, अध्यात्म और दर्शन की महान परंपरा का प्रतीक है। ऐसी पवित्र भूमि पर हरि-हर मिलन जैसी धार्मिक परंपरा का आयोजन होना हम सभी के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। हमारा दायित्व है कि हम अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं।
प्रदेश सरकार की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने सारंगपुर में आयोजित भव्य धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यहां जिस श्रद्धा, भव्यता और उत्साह के साथ सनातन परंपराओं का निर्वहन किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने आयोजन की भव्यता और श्रद्धालुओं की सहभागिता देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कहा कि ऐसे दिव्य और धार्मिक आयोजन में वे बार-बार शामिल होना चाहेंगी। श्रीमती गौर ने क्षेत्र में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास और जनहित के कार्यों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं। हरि-हर मिलन के पश्चात अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने मां कालीसिंध की भव्य गंगा आरती में सहभागिता की। दीपों से जगमगाते नदी तट पर सामूहिक आरती का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति का केंद्र रहा। मां कालीसिंध को चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की उन्नति, जल संरक्षण और जनकल्याण की मंगलकामना की गई।
आयोजन में अंतरराष्ट्रीय भजन गायिका शहनाज अख्तर की भजन संध्या विशेष आकर्षण रही। उनके सुमधुर भजनों और भक्तिमय प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने भजनों के माध्यम से भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की भावधारा का आनंद लिया। पूरा आयोजन स्थल भक्तिरस में सराबोर हो गया। सारंगपुर का यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सनातन परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया। हरि-हर मिलन ने जहां शिव और विष्णु की एकात्मता का संदेश दिया, वहीं मां कालीसिंध की आराधना ने प्रकृति, जल और जीवन के प्रति श्रद्धा का भाव जागृत किया। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सनातन संस्कृति की परंपराएं आज भी समाज को आस्था, सद्भाव और एकता के सूत्र में बांध रही हैं। कालीसिंध के पावन तट पर गूंजते जयकारे और भक्तिमय वातावरण लंबे समय तक श्रद्धालुओं की स्मृतियों में अंकित रहेंगे।


रिपोर्टर